Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जींद, 06 मार्च (हि.स.)। सदर थाना सफीदों क्षेत्र में एक मंदबुद्धि युवक के साथ कुकर्म करने पर सदर थाना सफीदों पुलिस ने शिकायत पर आरोपित के खिलाफ कुकर्म समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पीडि़त के परिजनों ने आरोप लगाया कुकर्म करने से पहले हाथ तथा पांव बांधे गए। जब वो मौके पर पहुंचे तो वह लहूलुहान था। सदर थाना सफीदों पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सदर थाना सफीदों थाना क्षेत्र के तहत आने वाले गांव के एक युवक ने शुक्रवार काे पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई मंदबुद्धि है। फाग वाले दिन बुधवार देर शाम को गांव के ही जयनारायण उसके भाई को बहला-फुसला कर अपने साथ नहर पटरी ले गया। जहां पर आरोपित ने उसके भाई के हाथ व पांव बांध दिए। इस दौरान उसके भाई के साथ कुकर्म किया गया। उसके भाई के चिल्लाने की आवाज सुन कर उसका ममेरा भाई मौके पर पहुंच गया जिसे देख कर आरोपित जयनारायण देख कर फरार हो गया। लहूलुहान हालात में पड़े उसके भाई के हाथ व पांव खोले गए और उसे उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। घटना की सूचना सदर थाना सफीदों पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया। पीडि़त युवक के भाई की शिकायत पर आरोपित जयनारायण के खिलाफ कुकर्म समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना सफीदों प्रभारी राजेश ने शुक्रवार काे बताया कि कुकर्म किए जाने के आरोप लगाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा