सुपौल में एनएच-27 पर अनियंत्रित एक्सयूवी डिवाइडर पर चढ़ी, एक ही परिवार के तीन लोग घायल
सुपौल, 06 मार्च (हि.स.)। राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही एनएच-27 स्थित धर्मपट्टी के समीप शुक्रवार सुबह एक लग्जरी एक्सयूवी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार तीन लोग हल्के रूप से घायल ह
एक्सीडेंट


सुपौल, 06 मार्च (हि.स.)। राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही एनएच-27 स्थित धर्मपट्टी के समीप शुक्रवार सुबह एक लग्जरी एक्सयूवी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार तीन लोग हल्के रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी देते हुए चालक निखिल कुमार ने बताया कि वे नागालैंड से मोतिहारी स्थित अपने घर जा रहे थे। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी कार में सवार थे। इसी दौरान उनके वाहन के आगे दो तेज रफ्तार ट्रक आगे-पीछे चल रहे थे। अचानक आगे चल रहे कंटेनर ट्रक ने तेज ब्रेक लगा दिया। इसके बाद उन्होंने भी ब्रेक लगाकर वाहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया।ट्रक से हल्की टक्कर होने के कारण गाड़ी के तीनों साइड के टायर फट गए और आगे का दाहिना हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इस हादसे में मोतिहारी निवासी चालक निखिल कुमार, उनके पिता 45 वर्षीय मोतीलाल दास और माता पूजा देवी को हल्की चोटें आई हैं। बताया गया कि एक ही परिवार के पांच लोग नागालैंड से मोतिहारी जा रहे थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब छह बजे तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक कार डिवाइडर पर चढ़कर क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी है। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि चालक को नींद आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पहले पुल से टकराया और फिर डिवाइडर से जा भिड़ा।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की और स्थिति को संभाला। वहीं राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना पर गस्ती पुलिस को भेजा गया है। आवेदन मिलने पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र