Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फिरोजाबाद, 06 मार्च (हि.स.)। जनपद की समृद्धि सांस्कृतिक पहचान को अक्षुण्य बनाए रखने और इसे अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयुक्त आगरा मंडल आगरा नगेंद्र प्रताप ने शुक्रवार को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का फीता काटकर उद्घाटन किया।
आयुक्त नगेन्द्र प्रताप ने सिरसागंज में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक रामलीला एवं मेला तीज मेले का फीता काटकर विधिवत् उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोक संस्कृतियां हमारी सामूहिकता, संस्कृति और एकता का प्रतीक हैं, इनका संरक्षण और संवर्धन जरूरी है।
इसके पश्चात् आयुक्त ने जिलाधिकारी रमेश रंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के साथ सामौर बाबा धाम में आयोजित विशाल महोत्सव का उद्घाटन किया। यहां की भव्यता और दिव्यता की उन्होंने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
आयुक्त ने सामौर बाबा मंदिर के गर्भगृह में जाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। साथ ही साथ महोत्सव परिसर में लगाए गए विभिन्न सांस्कृतिक एवं विकास स्टॉलों का अवलोकन भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्हाेंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी परंपराओं को जीवित रखते हैं और हमारी संस्कृति की विशालता, समरसता और गौरवशाली परंपरा को भी पुनर्जीवित करते हैं। इस अवसर पर आयुक्त ने जिलाधिकारी के साथ सामौर बाबा परिसर में पीपल का पौधा रोपित भी किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी रमेश रंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य और उपजिलाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़