Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

वाशिंगटन/इजरायल, 06 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच खुफिया अधिकारियों के हवाले से दावा किया गया है कि रूस ने ईरान से अमेरिकी सैन्य ठिकानों और सैन्य प्लेटफॉर्म की संवेदनशील जानकारी साझा की है, जो क्षेत्र में चल रहे टकराव को और जटिल बना सकता है।
इजरायल की समाचार एजेंसी आई24 ने अमेरिकी मीडिया के हवाले से खुलासा किया है कि पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच सैन्य संघर्ष शुरू होने के बाद से रूस ने तेहरान को पश्चिम एशिया में तैनात अमेरिकी सैन्य गतिविधियों से जुड़ी जानकारी दी है। इसमें अमेरिकी जंगी जहाजों और सैन्य विमानों की स्थिति भी शामिल है।
समाचार एजेंसी के मुताबिक खुफिया विभाग से जुड़े तीन अधिकारियों ने बताया कि यह जानकारी ईरान को अमेरिकी लक्ष्यों की पहचान में मदद करने के उद्देश्य से साझा की गई थी। अधिकारियों ने खुफिया जानकारी की संवेदनशीलता के कारण अपनी पहचान सार्वजनिक न करने की शर्त पर यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार को संघर्ष शुरू होने के बाद से रूस लगातार ईरान को अमेरिकी सैन्य प्लेटफॉर्म की लोकेशन से जुड़ी जानकारी दे रहा है। इसमें उन अमेरिकी सैन्य स्थलों का विवरण भी है जहां से पश्चिम एशिया में सैन्य ऑपरेशन संचालित किए जा रहे हैं।
अमेरिकी अधिकारियों ने फिलहाल इन दावों पर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी