सूरजपुर : आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती के लिए 20 मार्च तक आवेदन
सूरजपुर, 06 मार्च (हि.स.)। एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना सूरजपुर के अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए पात्र महिला उम्मीदवारों से 20 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। परियोजना कार्यालय द्वारा पूर्व में भर्ती के
सूरजपुर : आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती के लिए 20 मार्च तक आवेदन


सूरजपुर, 06 मार्च (हि.स.)। एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना सूरजपुर के अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए पात्र महिला उम्मीदवारों से 20 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

परियोजना कार्यालय द्वारा पूर्व में भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था, लेकिन ई-भर्ती पोर्टल में संबंधित ग्राम पंचायतों के नाम तकनीकी कारणों से दर्ज नहीं हो पाने के कारण आवेदन की निर्धारित तिथि समाप्त हो गई थी। अब संशोधित प्रक्रिया के तहत 6 मार्च से 20 मार्च 2026 शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को पोर्टल https://aww.e-bharti.in पर पंजीयन कर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। पंजीयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध उपयोगकर्ता मैनुअल के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।

जारी सूचना के अनुसार, विश्रामपुर और केशवनगर क्षेत्र के ग्राम पंचायतों के अंतर्गत कुंजनगर, शिवनंदनपुर और सतपता के आंगनबाड़ी केंद्रों में सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें रेलवे कॉलोनी, शांतिनगर-02 और सतपता खुटनपारा-02 आंगनबाड़ी केंद्र शामिल हैं। पात्र महिला अभ्यर्थियों से निर्धारित शर्तों के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय