Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति की बैठक संपन्न
लखनऊ, 06 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क परियोजनाओं के लिए पैसेंजर कार यूनिट (पीसीयू) में शिथिलीकरण के 06 प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत परियोजनाओं का क्रियान्वयन उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से संबंधित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु होगी तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
इन स्वीकृत परियोजनाओं के अंतर्गत जनपद बुलंदशहर में 2491.00 लाख रुपये की लागत से एन एच-334C (गाजियाबाद-बुलंदशहर जीटी रोड) से प्रस्तावित 75 मीटर चौड़ी NHAI लिंक रोड, जो NH-334C और NH-334(अलीगढ़ मेरठ मार्ग) को जोड़ती है, तक 30 मीटर चौड़े महायोजना मार्ग (कनेक्टिंग रुट) का नव निर्माण एवं विकास किया जाएगा, जिसकी कुल लंबाई 2.450 किमी है। जनपद जौनपुर में 525.46 लाख रुपये से त्रिकोलिया अखण्डनगर मार्ग के किमी-19 से सीबीजी (कम्प्रेस्ड बायो गैस) प्लांट गैरवाह तक पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य किया जाएगा, जिसकी कुल लंबाई 2.435 किमी है। जनपद जालौन में 4088.95 लाख रुपए की लागत से कालपी तहसील में रेलवे लाइन के पास इन्डस्ट्रियल एरिया कांशीराम काॅलोनी होते हुए काशीखेड़ा तक किमी 1 से 7 व 8 का नव निर्माण किया जाएगा, जिसकी कुल लंबाई-7.400 किमी है। इसी क्रम में जनपद गाजीपुर में 8513.67 लाख की लागत से अन्धऊ-चौकियां बाईपास मार्ग निर्माण का कार्य (ग्रीन फील्ड), कुल लम्बाई-3.900 किमी का नव निर्माण किया जाएगा। जनपद चित्रकूट में 450.00 लाख रुपये की लागत से नवीन थाना सरधुवा को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए 1.000 किमी लम्बे पहुंच मार्ग का नवनिर्माण किया जाएगा। जनपद गोरखपुर में 9645.25 लाख रुपये की लागत से जनपद गोरखपुर में निर्माणाधीन अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पहुंच मार्ग के लिए 2.665 किमी लम्बाई के 4 लेन मार्ग का नव निर्माण किया जाएगा। बैठक में प्रमुख सचिव लोक निर्माण श्री अजय चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक