Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सुपौल, 05 मार्च (हि.स.)। होली पर्व के समापन के बाद गुरुवार को सदर अस्पताल सुपौल में मरीजों की संख्या में अचानक काफी बढ़ोतरी देखी गई। अस्पताल के ओपीडी से लेकर विभिन्न विभागों तक मरीजों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। खासकर शिशु रोग विभाग और हड्डी रोग विभाग में मरीजों की भीड़ सबसे अधिक देखने को मिल रही है।
इलाज कराने के लिए सुबह से ही दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं।
अंग भारत के संवाददाता द्वारा सदर अस्पताल परिसर का जायजा लेने के दौरान पाया गया कि ओपीडी काउंटर, पंजीकरण केंद्र तथा डॉक्टरों के कक्ष के बाहर मरीजों की लंबी लाइन लगी हुई थी। कई मरीजों को अपनी बारी का इंतजार करने में काफी समय लग रहा था। अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ के कारण काफी चहल-पहल बनी हुई है।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास सागर ने बताया कि आज बच्चों के मरीजों की संख्या सबसे अधिक रही। यहां बच्चों को बुखार, सर्दी-खांसी, पेट दर्द, उल्टी-दस्त और संक्रमण की शिकायत लेकर अभिभावक इलाज कराने पहुंचे।
डॉक्टरों के अनुसार मौसम में अचानक बदलाव और होली के दौरान खान-पान में अनियमितता के कारण बच्चों में बीमारियों के मामले बढ़े हैं।
वहीं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. पवन कुमार ने कहा कि मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। होली के दौरान खेल-कूद, फिसलने या गिरने से चोट लगने के कारण कई लोग इलाज कराने अस्पताल पहुंचे। कुछ मरीजों को हाथ-पैर में चोट, मोच तथा फ्रैक्चर की शिकायत भी देखी गई।
अस्पताल में बढ़ती भीड़ के कारण कई मरीजों को इलाज के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। हालांकि चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी लगातार मरीजों का इलाज करने में जुटे हुए हैं। अस्पताल प्रशासन द्वारा भीड़ को नियंत्रित करने और मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जा रही है।
डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें, साफ-सफाई बनाए रखें और बच्चों को ठंडे व अस्वच्छ खाद्य पदार्थों से दूर रखें, ताकि बीमारियों से बचा जा सके। वहीं चोट लगने या किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेने की सलाह दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र