बाइक और ऑटो की टक्कर में जीजा–साले की मौत, दो घायल
खूंटी, 05 मार्च (हि.स.)। कर्रा थाना क्षेत्र के चेरवादाग मोड़ के पास बुधवार को हुए सड़क हादसे में जीजा–साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार कर्रा की ओर से आ रहे एक ऑटो और कर्रा से जलटंडा साप्ताहिक हाट
प्रतीकात्मक तस्वीर


खूंटी, 05 मार्च (हि.स.)। कर्रा थाना क्षेत्र के चेरवादाग मोड़ के पास बुधवार को हुए सड़क हादसे में जीजा–साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार कर्रा की ओर से आ रहे एक ऑटो और कर्रा से जलटंडा साप्ताहिक हाट की ओर जा रही बाइक के बीच चेरवादाग मोड़ के पास आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। बाइक पर तीन लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार रमेश और उसका साला मुन्ना उरांव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इस दुर्घटना में मुन्ना उरांव का दोस्त राजू कच्छप और ऑटो चालक अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्रा पहुंचाया। वहां चिकित्सक प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति पर निगरानी कर रहे हैं।

बताया जाता है कि मृतक मुन्ना उरांव रांची जिले के नगड़ी थाना क्षेत्र के पांडू टोली का निवासी था। वह अपने दोस्त राजू कच्छप के साथ चिउर छापरा स्थित अपने जीजा के घर आया हुआ था। वहां से तीनों एक साथ जलटंडा साप्ताहिक हाट जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान चेरवादाग मोड़ के पास यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कर्रा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खूंटी भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया।

घायल ऑटो चालक अनिल कर्रा के पेपीर टोली का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

वहीं पुलिस ने गुरुवार को सदर अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा