Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


—4 किलोमीटर के दौड़ को शक्ति ने 2 मिनट 28 सेकंड में पूरा किया
वाराणसी, 30 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी परमानंदपुर स्थित मिनी स्टेडियम में सोमवार को विकास इंटर कालेज की ओर से आयोजित बाबू आरएन सिंह खेल मेला में घोड़ा दौड़ खेल प्रेमियों में आकर्षण का केन्द्र रहा। घुड़दौड़ में हरि नारायण का राजस्थानी घोड़ा शक्ति ने चार किलोमीटर की दौड़ में 2 मिनट 28 सेकंड का समय लेकर पहला स्थान प्राप्त किया।
घोड़ा दौड़ में गौरव यादव का घोड़ा रॉकेट दूसरे स्थान पर रहा। इनके घोड़े रॉकेट ने तीन मिनट 40 सेकंड का समय लिया। सौरभ का घोड़ा शेरू तीसरे स्थान पर रहा। इसने चार मिनट का समय लिया। दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले घोड़ा मारवाड़ी नस्ल के थे। उत्तर प्रदेश एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष डॉ आशा सिंह ने हरी झंडी दिखा कर घोड़ा दौड़ का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ एके सिंह के अनुसार बाबू आरएन सिंह खेल मेला के आठवें दिन सुबह 8 से 9:30 बजे के बीच मिनी स्टेडियम में घोड़ा दौड़ का आयोजन किया गया। इसके पहले बालिका वर्ग में पांच किलोमीटर की दौड़ में काजल 28 मिनट 23 सेकंड का समय निकालकर पहले स्थान पर रही। दूसरे स्थान पर रहने वाली खुशबू मात्र दो सेकंड से पीछे रह गईं। तपस्या ने 30 मिनट का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया। दौड़ में हैंडबॉल, रग्बी, टेबल टेनिस, जूडो, हॉकी और एथलेटिक्स के 40 खिलाड़ियों ने भाग लिया। दौड़ का आयोजन परमानंदपुर मिनी स्टेडियम से शुरू होकर रिंग रोड तक किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी