Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जोधपुर, 03 मार्च (हि.स.)। जोधपुर जिला ग्रामीण की स्पेशल टीम ने भोपालगढ़ पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए जीरे की फसल के बीच अफीम की खेती को पकड़ा। खेत से 740 अफीम के पौधें बरामद किए गए है। इस बारे में एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई। कार्रवाई बंदड़ा गांव में हुई। पुलिस की तरफ से एरिया डोमिनेशन चलाया गया।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं जिला पुलिस अधीक्षक ग्रामीण नारायण टोगस ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाये जा रहे विषेष ‘एरिया डोमिनेशन‘ अभियान के तहत डीएसटी व पुलिस थाना भोपालगढ़ की संयुक्त कार्यवाही में सरहद ग्राम बन्दड़ा में एक खेत में जीरे की फसल की आड़ में उगाये गये कुल 740 अवैध अफीम के पौधे जब्त करने में सफलता प्राप्त हुई।
डीएसटी प्रभारी श्रवण कुमार की सूचना पर भोपालगढ़ थाना क्षेत्र के सरहद ग्राम बन्दड़ा में एक ट्यूबवैल पर दबिश दी गई तो ट्यूबवैल पर बने पॉन्ड के पास जीरे की फसल के बीच में कुल 740 अवैध अफीम के पौधें उगाए हुए मिले। इस पर आरोपी बंदड़ा भोपालगढ़ निवासी लंूबाराम के तीन पुत्रों घेवरराम, नाथूराम एवं रेवंतराम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया। मामले में अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
पुलिस टीम में हैडकांस्टेबल विरेन्द्र चौधरी, मदन मीणा, मुकन सिंह, हरेन्द्र लोहरा, चुतराराम व पप्पूराम और भोपालगढ़ थानाधिकारी राजूमरा के साथ लालूराम, अशोक, दिनेश व रघुवीर शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश