Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

परिजनों ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
वाराणसी, 29 मार्च (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद अंतर्गत रोहनिया थाना क्षेत्र के पंडितपुर गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। मोबाइल चोरी के मामूली शक में दबंगों ने 17 वर्षीय किशोर सानू अली को उसके घर से खींचकर बेरहमी से पीटा, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात घमहापुर निवासी बबलू पटेल अपने कुछ साथियों के साथ सानू अली के घर धमका। आरोपितों ने सानू पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाया और उसकी मां शहाना अली के विरोध के बावजूद उसे घसीटते हुए गांव के बाहर पेट्रोल पंप के पास पुलिया पर ले गए।
—बेहोश होने तक बरसते रहे लात-घूंसे
परिजनों के अनुसार, दबंगों ने सानू को लात-घूसों से तब तक पीटा जब तक वह अचेत नहीं हो गया। मां और परिजनों की चीख-पुकार सुनकर जब ग्रामीण मौके पर जुटे, तो आरोपी फरार हो गए। आनन-फानन में किशोर को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
—मुखबिरी की रंजिश और पुलिस पर आरोप
मृत किशोर की मां व अन्य परिजनों का कहना है कि वारदात के तुरंत बाद पुलिस को सूचित किया गया था, लेकिन रोहनिया पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी बबलू पटेल गौ-तस्करी में लिप्त है। उसे शक था कि सानू ने उसकी गतिविधियों की मुखबिरी की है, जिसे छिपाने के लिए मोबाइल चोरी का झूठा बहाना बनाया गया।
प्रभारी निरीक्षक, रोहनिया थाना के अनुसार परिजनों की तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी