Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


हजारीबाग, 29 मार्च (हि.स.)।
हजारीबाग से शनिवार देर रात रामनवमी जुलूस निकाला गया। इसमें हजारों की संख्या में रामभक्त सड़कों पर उतर आए। पूरे शहर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिल रहा है। इस वर्ष जुलूस में कुल 107 अखाड़े शामिल हैं, जो पारंपरिक वेशभूषा और हथियारों के साथ अपने-अपने करतब दिखाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। यह विशाल जुलूस करीब 8 किलोमीटर के दायरे में फैला हुआ है। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर युवा और बुजुर्ग श्रद्धालु भगवान श्रीराम के जयकारे लगाते हुए पूरे जोश के साथ जुलूस के साथ चल रहे है। जुलूस को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन और उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह मुख्य मंच से पूरे आयोजन की लगातार निगरानी कर रहे हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रशासन की ओर से ड्रोन और सीसीटीवी के माध्यम से भी निगरानी रखी जा रही है। हजारीबाग का यह रामनवमी जुलूस अपनी भव्यता, अनुशासन और परंपरा के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। इस आयोजन को देखने के लिए झारखंड के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे हैं।
जुलूस के दौरान धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता का भी अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। शनिवार देर रात शुरू हुआ यह आयोजन रविवार देर रात तक जारी रहेगा। पूरे शहर में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। हर ओर जय श्रीराम के उद्घोष गूंज रहे हैं, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार