Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


जयपुर, 29 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को जयपुर के अजमेर रोड स्थित महिन्द्रा वर्ल्ड सिटी में आयोजित हाफ मैराथन का फ्लैग ऑफ कर शुभारंभ किया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में युवाओं और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तन और मन से स्वस्थ रहना सुखी जीवन का मूल आधार है। भारत युवाओं का देश है और युवा तरुणाई को ऊर्जा से भरपूर बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब युवा आगे बढ़ेगा, तभी समाज और राष्ट्र भी प्रगति करेगा।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन को सही दिशा में आगे बढ़ाते हुए अपने लक्ष्यों को प्राप्त करें और देश-प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान दें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पिछले सवा दो वर्षों में सरकारी और निजी नौकरियों के साथ-साथ स्वरोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराकर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का प्रयास किया गया है।
यह हाफ मैराथन द टाइम्स ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं युवाओं पर केंद्रित हैं और युवाओं को चाहिए कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक इसका फायदा पहुंचाएं।
मैराथन को हरी झंडी दिखाने के बाद मुख्यमंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर टाइम्स ऑफ इंडिया के डायरेक्टर अनुराग अग्रवाल, महिन्द्रा लाइफस्पेस डेवलपर्स लिमिटेड के एमडी-सीईओ अमित कुमार सिन्हा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में युवाओं का जोश और उत्साह देखने लायक रहा, जिससे जयपुर में एक सकारात्मक और ऊर्जा से भरा माहौल बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित