बलरामपुर में तेज बारिश और ओलावृष्टि, रामानुजगंज में सड़क जलमग्न
बलरामपुर, 21 मार्च (हि.स.)।छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक उग्र रूप ले लिया। तेज गरज-चमक के साथ हुई जोरदार बारिश और ओलावृष्टि ने जहां गर्मी से राहत दी, वहीं जनजीवन प्रभावित हुआ और किसानों की चिंता और बढ़ गई। बलरामपुर जिले
रामानुजगंज स्टेट बैंक रोड जलमग्न।


देर शाम बारिश के बाद सुहाना हुआ मौसम।


बलरामपुर, 21 मार्च (हि.स.)।छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक उग्र रूप ले लिया। तेज गरज-चमक के साथ हुई जोरदार बारिश और ओलावृष्टि ने जहां गर्मी से राहत दी, वहीं जनजीवन प्रभावित हुआ और किसानों की चिंता और बढ़ गई।

बलरामपुर जिले में पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार करवट ले रहा है। शुक्रवार शाम अचानक तेज गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, जिसके साथ ओलावृष्टि भी हुई। बारिश इतनी तेज थी कि रामानुजगंज के स्टेट बैंक रोड पर जलभराव की स्थिति बन गई और सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।

देर रात तक रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा। हालांकि शनिवार सुबह मौसम साफ हो गया है और तेज धूप खिली हुई है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी शाम के समय बारिश होने की संभावना जताई गई है। आज अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जिससे दिन और रात के तापमान में स्पष्ट अंतर देखने को मिल रहा है।

वहीं, इस बदलते मौसम का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ रहा है। क्षेत्र में इस समय गेहूं, चना और सरसों की फसलें तैयार अवस्था में हैं। लगातार हो रही बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है, जिससे किसानों की चिंता गहरा गई है।

उल्लेखनीय है कि, यदि इसी तरह मौसम का मिजाज बना रहा, तो आने वाले दिनों में किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय