Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 15 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में धाराशिव-लातूर-तुलजापुर नेशनल हाइवे पर रविवार दोपहर तीन वाहनों की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए।
हाइवे पुलिस ने इस घटना में मृतकों का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोपहर में धाराशिव-लातूर-तुलजापुर नेशनल हाइवे पर करजखेड़ा के पास अचानक एक बोलेरो वाहन के चालक का नियंत्रण बिगड़ जाने से बोलेरो ने एक कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो पलट गई और डिवाइडर पार करके दूसरी लेन में चली गई और दूसरी तरफ से आ रही होंडा सिटी कार को टक्कर मार दी। इस ट्रिपल टक्कर में तीनों गाडिय़ां चकनाचूर हो गईं।
इस घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढऩे की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव