Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चंडीगढ़, 15 मार्च (हि.स.)। हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो ने 590 करोड़ के आईडीएफसी फर्स्ट बैंक घोटाले में दो लेखा अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को दिन के समय एसीबी की तरफ से सावन ज्वेलर्स के मालिक राजन कटोदिया को गिरफ्तार किया गया था।
एसीबी ने आज सभी तीन आरोपिताें को कोर्ट में पेश करके चार दिन का रिमांड लिया है। एसीबी ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के कार्यालय में तैनात राजेश सांगवान (नियंत्रक वित्त एवं लेखा) तथा हरियाणा विद्यालय शिक्षा परियोजना परिषद में तैनात रणधीर सिंह (नियंत्रक वित्त एवं लेखा) को गिरफ्तार किया है। उक्त दोनों आरोपित बैंक घोटाले में लिप्त पाए गए हैं। उन्होंने जानबूझकर हरियाणा सरकार के वित्त विभाग द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का उल्लंघन किया और सह-आरोपिताें के साथ मिलकर सरकारी धन की हेराफेरी करने की आपराधिक साजिश रची। दोनों ने ही अपराध में सक्रिय रूप से भाग लिया और अवैध रिश्वत के रूप में बड़ी रकम स्वीकार की है।
सरकारी कर्मियों के द्वारा फ्रॉड में शामिल होने व रिश्वत की रकम स्वीकार किए जाने के फैक्ट सामने आने पर एसीबी ने केस में 7 पीसी एक्ट की धारा भी जोड़ी है। अभी तक पंचायत विभाग के सुपरिडेंट व दो अकाउंट अफसर की गिरफ्तारी हो चुकी है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि सावन ज्वेलर्स के मालिक राजन के द्वारा मुख्य आरोपियों के लिए कैश कन्वर्जन का काम किया गया व इसके लिए भारी कमीशन प्राप्त किया। आरोपी के द्वारा इन फर्मों/कंपनियों के नाम सोने के आइटम्स बेचना दिखाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा