सिरमौर : उपमुख्यमंत्री मुकेश ने टिंबी को दी करोड़ों की सौगातें
नाहन, 15 मार्च (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को जिला सिरमौर के एक दिवसीय दौरे के दौरान शिलाई विधानसभा क्षेत्र के टिंबी में आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इस अवसर पर प्रदेश के उद्योग, संसदीय कार्य और श्रम रोज
उपमुख्यमंत्री  मुकेश अग्निहोत्री ने शिलाई विधान सभा क्षेत्र में 7 करोड़ 50 लाख की योजनाओं के शिलान्यास तथा लोकार्पण किए


नाहन, 15 मार्च (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को जिला सिरमौर के एक दिवसीय दौरे के दौरान शिलाई विधानसभा क्षेत्र के टिंबी में आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इस अवसर पर प्रदेश के उद्योग, संसदीय कार्य और श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने क्षेत्र में कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

उपमुख्यमंत्री ने उद्योग मंत्री की उपस्थिति में करीब 90 लाख रुपये की लागत से तैयार कालची-चियाली उठाऊ पेयजल योजना और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टिंबी में बने पुस्तकालय का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने लगभग 5 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से बनने वाली थौन्था-जाखल उठाऊ पेयजल योजना के विस्तार की आधारशिला भी रखी। इसके अलावा टिंबी में जल शक्ति विभाग के निरीक्षण कुटीर के निर्माण के लिए 1 करोड़ 11 लाख रुपये की परियोजना का शिलान्यास भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने हर्षवर्धन चौहान को छह बार विधायक चुनकर विधानसभा में भेजा है, जो यह दर्शाता है कि लोगों का उन पर गहरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि उनकी कार्यनिष्ठा और नेतृत्व के कारण क्षेत्र में विकास के कई काम हो रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के संतुलित विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के निर्माण और विकास में पूर्व मुख्यमंत्री यशवंत सिंह परमार और वीरभद्र सिंह के योगदान को भी याद किया।

उन्होंने कहा कि जिला सिरमौर में जल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए करोड़ों रुपये की योजनाएं चलाई जा रही हैं। इस दौरान उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एशियन डेवलपमेंट बैंक की मदद से चल रही लगभग 18 करोड़ रुपये की जल आपूर्ति योजना को जल्द पूरा किया जाए। साथ ही जहां जरूरत है वहां पाइपलाइन बिछाने का काम भी शीघ्र पूरा करने को कहा।

उपमुख्यमंत्री ने टिंबी में जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह के निर्माण कार्य को भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने शिलाई में बस अड्डा बनाने के लिए उपयुक्त भूमि का चयन करने को कहा, ताकि क्षेत्र में बस अड्डे का निर्माण किया जा सके। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि शिलाई से शिमला, हरिद्वार और चंडीगढ़ सहित अन्य स्थानीय रूटों पर बस सेवाएं शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर