ऊना : एलपीजी गैस सिलेंडर न पहुंचने से लोग परेशान, बुकिंग के बाद भी नहीं मिली सप्लाई
ऊना, 15 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के हरोली क्षेत्र में एलपीजी गैस सिलेंडरों की सप्लाई को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से गैस की पर्याप्त उपलब्धता के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन कई ग्रामीण क्षेत्रों में
खाली पड़े सिलेंडर।


ऊना, 15 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के हरोली क्षेत्र में एलपीजी गैस सिलेंडरों की सप्लाई को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से गैस की पर्याप्त उपलब्धता के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन कई ग्रामीण क्षेत्रों में जमीनी हकीकत अलग नजर आ रही है।

रविवार को हरोली के कई गांवों में गैस सप्लाई की गाड़ी नहीं पहुंची, जिसके कारण लोगों को दिनभर इंतजार करना पड़ा।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करवा रखी थी और उन्हें सीएसी नंबर भी मिल चुका था। बुकिंग का मैसेज मिलने के बाद लोग रविवार को सुबह से ही गैस की गाड़ी का इंतजार करते रहे, लेकिन देर शाम तक सप्लाई नहीं पहुंची। इससे कई परिवारों को खाना बनाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

लोगों का आरोप है कि प्रशासन लगातार यह कह रहा है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर दिए जा रहे हैं। लेकिन ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों का कहना है कि उन्हें समय पर गैस नहीं मिल रही और सप्लाई व्यवस्था सही तरीके से काम नहीं कर रही है।

ग्रामीणों के अनुसार जिन परिवारों के घरों में गैस खत्म हो गई है, उन्हें अब रोजमर्रा के कामों में भी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई लोग पूरे दिन गैस की गाड़ी का इंतजार करते रहे, लेकिन सप्लाई नहीं आने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस सप्लाई की व्यवस्था को जल्द सुधारा जाए। उनका कहना है कि जिन उपभोक्ताओं ने बुकिंग करवा रखी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध करवाए जाएं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो वे प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल