Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- रतेह में भागवत कथा में गूंजा कृष्ण जन्म का प्रसंग, श्रद्धालु भावविभोर
मीरजापुर, 15 मार्च (हि.स.)। ड्रमंडगंज क्षेत्र के रतेह गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन रविवार को कथावाचक पंडित सूर्य प्रकाश मिश्र ने भगवान के विभिन्न अवतारों और कृष्ण जन्म की कथा का श्रद्धालुओं को रसपान कराया।
कथावाचक ने कहा कि जब पृथ्वी पर आसुरी शक्तियों का अत्याचार बढ़ जाता है, तब भगवान स्वयं अवतार लेकर धर्म की रक्षा करते हैं। द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने वासुदेव और देवकी के पुत्र के रूप में जन्म लेकर अत्याचारी कंस सहित कई दुष्ट शक्तियों का अंत किया और पृथ्वी को उनके अत्याचार से मुक्त कराया।
उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण करने से मनुष्य को दुखों से मुक्ति मिलती है और वह भवसागर से पार हो सकता है। भगवान का सच्चे मन से स्मरण करने वाले भक्तों की भगवान स्वयं रक्षा करते हैं।
कथा के अंत में श्रीमद्भागवत महापुराण की आरती उतारी गई और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर पंडित हरिशंकर मिश्र, शंभूनाथ मिश्र, त्रिवेणी प्रसाद दुबे, अनारकली, ठाकुर प्रसाद दुबे, राममूर्ति पांडेय, छविनाथ चौरसिया, सुरेश दुबे समेत कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा