Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

प्रयागराज, 15 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना के तहत किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सोलर पम्पसेट आवंटित किए जाएंगे। इस योजना के तहत जनपद को ट्राली माउंटेड 2 एच.पी. सोलर पम्पसेट के 20 लक्ष्य प्राप्त हुए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने बताया कि लघु सिंचाई विभाग के माध्यम से चेकडैम और तालाबों पर भूस्तरीय सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ट्राली माउंटेड 2 एच.पी. सोलर पम्पसेट स्थापित किए जाएंगे। इस पम्पसेट की कुल लागत 2,05,952.49 रुपये है, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से 1,42,934.24 रुपये का अनुदान दिया जाएगा। शेष 63,500 रुपये लाभार्थी किसान को अंश के रूप में जमा करने होंगे। इच्छुक किसान ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर पम्पसेट का आवंटन किया जाएगा।
इस योजना के तहत जनपद में पूर्व में स्थापित मध्यम गहरे नलकूप और गहरे नलकूपों पर 7.5 एच.पी. सोलर पम्पसेट के लिए भी 10 लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, जिसमें अनुसूचित वर्ग के कृषकों के लिए एक लक्ष्य आरक्षित है। इस पम्पसेट की कुल लागत 3,81,726.77 रुपये है, जिसमें राज्य सरकार की ओर से 2,29,036.06 रुपये का अनुदान दिया जाएगा, जबकि लाभार्थी किसान को 1,53,000 रुपये अंश के रूप में जमा करना होगा।
इस संबंध में सीडीओ ने बताया कि योजना का उद्देश्य किसानों को सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना है, जिससे खेती की लागत कम हो और किसानों को नियमित सिंचाई मिल सके। उन्होंने कहा कि इच्छुक किसान ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या होने पर विकास भवन स्थित लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल