Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

आगरमालवा, 15 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिला मुख्यालय स्थित पुराने आबकारी कार्यालय के पास स्थित एक सरकारी क्वार्टर में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। कर्मचारी महेंद्र जैन के घर से चोर करीब तीन लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने ले उड़े। यह चोरी उस समय हुई, जब पूरा परिवार एक शादी में शामिल होने के लिए बाहर गया हुआ था।
जानकारी के अनुसार, महेंद्र जैन शुक्रवार को परिवार के साथ बड़ौद में एक शादी में गए थे। रविवार को जब वे वापस लौटे, तो घर का मुख्य गेट अंदर से बंद मिला। जब उन्होंने पीछे जाकर देखा, तो दरवाजे का नकुचा टूटा हुआ था। अंदर कमरे का दरवाजा भी टूटा पड़ा था और सारा सामान बिखरा हुआ था। अलमारी में रखे 3 लाख रुपये और जेवर गायब थे। चोरी की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके से सबूत इकट्ठा किए हैं। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देख रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही है और चोरी गए सामान की सही कीमत का आंकलन किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा