जींद : हाई वोल्टेज लाइन का करंट लगने से युवक की मौत
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंपा
शहर थाना।


जींद, 15 मार्च (हि.स.)। कैथल रोड स्थित दुकान पर शेटरिंग का काम करते समय हाइवोल्टेज लाइन के संपर्क में आने से एक मजदूर झुलस गया। उसे गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने रविवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव शादीपुर निवासी रवि (28) शेटरिंग का काम करता है। शनिवार शाम को रवि कैथल रोड पर एक दुकान की शेटरिंग कर रहा था। इस दुकान के ऊपर से हाइवोल्टेज की तार गुजरती है। रवि अपने हाथ में एक लोहे को गाटर को लेकर उसे इधर से उधर रख रहा था। अचानक लोहे का गाटर ऊपर से गुजर रही हाइवोल्टेज की तार से छू गया। इस कारण उसमें करंट आ गया और इससे रवि झुलस गया। आसपास के लोगों ने रवि को गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मृतक के परिजनों के न आ पाने के कारण शव को शव गृह में रखवा दिया गया था। रविवार को पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा