Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बीकानेर, 15 मार्च (हि.स.)। बीकानेर में श्रीमोहन लाल किराडू प्रन्यास और श्री पुष्करणा ब्राह्मण शैक्षणिक एवं आर्थिक विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में कीर्तिशेष मोहनलाल किराडू की पंचम पुण्यतिथि पर 31 मार्च को पुष्करणा भवन में शाम 5.30 बजे श्रद्धांजलि एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
रविवार को वी किड्स स्कूल में आयोजित पत्रकार वार्ता में रामकुमार पुरोहित ने बताया कि समारोह में कक्षा 10वीं और 12वीं सहित विभिन्न कक्षाओं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। कक्षा 10वीं में 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले टॉप-10 तथा 12वीं के आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स संकाय के टॉप-5 विद्यार्थियों को सम्मान दिया जाएगा। इसके अलावा आरएएस, आरजेएस, नीट, आईआईटी, सीए और सीएस जैसी राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में जेठानंद व्यास, देवेंद्र जोशी सहित विभिन्न सामाजिक और विधिक क्षेत्र के गणमान्य अतिथि आमंत्रित किए गए हैं। समारोह में लगभग 500 लोगों की भागीदारी की संभावना है। मोहनलाल किराडू ने पुष्करणा समाज को एकजुट करने के लिए देशभर में कार्य किया था। उनका निधन 31 मार्च 2021 को हुआ था। उनकी स्मृति में गठित संस्था द्वारा सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
इस दौरान कार्यक्रम से जुड़े पोस्टर का भी विमोचन किया गया और आयोजन से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव