Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चेन्नई, 15 मार्च (हि.स.)। राज्य में विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होने के साथ ही तमिलनाडु में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
भारत के चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 23 अप्रैल को एक ही चरण में कराया जाएगा। वहीं डाले गए वोटों की गिनती 4 मई को होगी। चुनाव की घोषणा के साथ ही पूरे तमिलनाडु में चुनाव आचार संहिता लागू कर दी गई है।
इस आचार संहिता के प्रावधानाें के अनुसार राज्य में पचास हजार से अधिक नकद ले जाने पर उसका वैध दस्तावेज रखना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही राजनीतिक नेताओं की सार्वजनिक स्थानाें पर लगी तस्वीरों और मूर्तियों को ढकना होगा। अब राज्य सरकार काेई नई योजनाओं की घोषणा नहीं कर सकेगी।
आचार संहिता के लागू हाेते ही रात 10 बजे के बाद सार्वजनिक सभाएं प्रतिबंधित रहेंगी। इसके अलावा प्रचार, मंच भाषण और सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए चुनाव आयोग से पहले अनुमति लेना अनिवार्य होगा। चुनाव प्रचार के दौरान पार्टियों को केवल अपने कार्यों के बारे में बताना होगा और किसी व्यक्ति पर व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं की जा सकेगी। साथ ही चुनाव आयोग के निर्देश पर आचार संहिता लागू होने के बाद चेन्नई सचिवालय से मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि की तस्वीरें हटा दी गईं। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं से संबंधित तस्वीरों को भी हटाने का काम शुरू कर दिया गया। आदेश के अनुपालन में चेन्नई नगर निगम के कर्मचारियों ने सड़कों की दीवारों पर बने राजनीतिक नेताओं के चित्र और दलों के विज्ञापन भी मिटाने का काम शुरू कर दिया है।
गठबंधन की राजनीतिक गतिविधियां तेज
चुनाव की घोषणा के बाद तमिलनाडु के राजनीतिक दल गठबंधन वार्ता और सीट बंटवारे को जल्दी अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। तय कार्यक्रम
के अनुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अप्रैल निश्चित की गई है। जिसके कारण राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
चुनाव की तारीख घोषित होने से राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में तमिलनाडु में चुनाव प्रचार काफी तेज होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV