बीजापुर : गंगालूर पाेटाकेबिन की तीन छात्राओं के गर्भवती होने का मामला सामने आने से मचा हड़कंप
बीजापुर, 15 मार्च (हि.स.)। जिले के गंगालूर स्थित पाेटाकेबिन बालिका आवासीय छात्रावास की तीन छात्राओं के गर्भवती होने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है, कि तीनों छात्राएं करीब पांच माह की गर्भवती हैं, जिनमें से दो छात्राएं नाबाल
गंगालूर पाेटाकेबिन


बीजापुर, 15 मार्च (हि.स.)। जिले के गंगालूर स्थित पाेटाकेबिन बालिका आवासीय छात्रावास की तीन छात्राओं के गर्भवती होने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है, कि तीनों छात्राएं करीब पांच माह की गर्भवती हैं, जिनमें से दो छात्राएं नाबालिग बताई जा रही हैं। मामले में संस्था की अधीक्षिका ने अनभिज्ञता जताई है, जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा छात्राओं के गर्भवती कार्ड बनाए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच की मांग तेज हो गई है, और पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से प्रारंभिक जानकारी में यह स्पष्ट किया गया है कि संबंधित छात्राएं वर्तमान में पाेटाकेबिन की छात्रा नहीं हैं, बल्कि वे पहले इस संस्था में पढ़ चुकी हैं। इसके बावजूद मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासनिक व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

वहीं इस मामले पर बीजापुर कलेक्टर संबित मिश्रा ने कहा क‍ि, अभी इस मामले की जांच की जा रही है। उन्हाेंने कहा कि वे पोटाकेबिन की इस समय छात्रा नहीं है, प्रशासन जांच के बाद प्रेस रिलीज जारी करेगा।

बीजापुर विधायक विक्रम शाह मंडावी ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि, शिक्षा क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के साथ व्यवस्था में सुधार की मांग की जाएगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे