Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलवल, 15 मार्च (हि.स.)। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने आगरा में आयोजित हुई इंडियास्किल्स 2025-26 उत्तर क्षेत्रीय प्रतियोगिता में धमाल मचा दिया। चार विद्यार्थियों ने मेडल जीत कर अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। बी वॉक मेकाट्रॉनिक्स के छात्र दिनेश ने इंडस्ट्रियल कंट्रोल में गोल्ड मेडल, कन्हैया ने इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन्स में ब्रॉन्ज मेडल, लोचन ने सीएनसी मिलिंग में ब्रॉन्ज मेडल और सुमित ने रिन्यूएबल एनर्जी कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल जीत कर इतिहास रच दिया।
आगरा के बीएसएनएल ग्राउंड में शनिवार को संपन्न हुई इस प्रतियोगिता में उत्तरी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के सैकड़ों प्रतिभागियों ने 41 से अधिक स्किल्स में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एसवीएसयू के इन चारों छात्रों ने अपनी हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग और तकनीकी निपुणता से जजों को प्रभावित किया। दिनेश ने ऑटोमेशन और कंट्रोल सिस्टम में शानदार प्रदर्शन कर टॉप पर कब्जा जमाया, जबकि कन्हैया और लोचन ने क्रमशः विद्युत कार्य और एडवांस्ड मशीनिंग में अपनी कुशलता साबित की। सुमित ने अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने रविवार काे विजेताओं को बधाई देते हुए कहा ये मेडल एसवीएसयू की इंडस्ट्री-ओरिएंटेड प्रैक्टिकल ट्रेनिंग और छात्रों को वोकेशनल चैंपियन बनाने की मजबूत प्रतिबद्धता का नतीजा हैं। हमारे छात्र ऐसे ही चमकते रहेंगे और देश के स्किल मिशन को नई ऊंचाई देंगे। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कहा कि कौशल में उत्कृष्टता प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विद्यार्थियों और उनके शिक्षकों को बधाई दी।
कुलसचिव प्रोफेसर ज्योति राणा ने भी मेडल विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी और इस उपलब्धि को गौरवपूर्ण बताया। अकादमिक अधिष्ठाता प्रोफ़ेसर विक्रम सिंह ने विजेता विद्यार्थियों और उनके मेंटर को बधाई दी। प्रतियोगिता में मौजूद एसीडी की जॉइंट डायरेक्टर शिखा गुप्ता ने भी विजेताओं से मिलकर उन्हें व्यक्तिगत रूप से शुभकामनाएं दीं और प्रोत्साहित किया। एसवीएसयू परिवार ने इन छात्रों की उपलब्धि पर गर्व जताया है। ये जीत न सिर्फ यूनिवर्सिटी के लिए बल्कि पूरे हरियाणा और भारत कौशल विकास के लिए मील का पत्थर साबित हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग