Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुजफ्फरपुर, 15 मार्च (हि.स.)। बिहार के सिवान के चर्चित 'खान ब्रदर्स' गिरोह के मुख्य सरगना और कुख्यात अपराधी अयूब खान को पुलिस ने मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
यह कार्रवाई सीवान से आई विशेष पुलिस टीम और मुजफ्फरपुर पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन के तहत की गई। जानकारी के अनुसार, अयूब खान मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा स्थित अपने एक आवास में छिपा हुआ था। सीवान पुलिस को उसके यहां होने की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने मुजफ्फरपुर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया और मिठनपुरा इलाके में घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने रविवार शाम गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि सीवान पुलिस द्वारा यह विशेष छापेमारी की गई थी, जिसमें मुजफ्फरपुर पुलिस ने आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि दोनों जिलों की पुलिस के बेहतर समन्वय के कारण इस कुख्यात अपराधी को पकड़ने में सफलता मिली है। अयूब खान पर सीवान समेत बिहार के कई जिलों में हत्या, रंगदारी, अपहरण और लूट जैसे दर्जनों संगीन मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की रडार पर था और उसकी गिरफ्तारी को पुलिस प्रशासन के लिए एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस उससे गुप्त स्थान पर पूछताछ कर रही है, जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों और आगामी साजिशों का खुलासा होने की उम्मीद है। इस गिरफ्तारी के बाद सिवान और आसपास के इलाकों में हड़कंप मचा हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी