Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सीहोर, 15 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में भोपाल–इंदौर हाईवे पर रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जिले के अमलाहा गांव के पास खड़े ट्रक में पीछे से एक यात्री बस जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और विंड स्क्रीन टूट गई। हादसे के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे डिवाइडर से भी टकरा गई।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना अमलाहा के पास भावखेड़ी जोड़ के नजदीक हुई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सड़क के बीच खड़े ट्रक से पीछे से आ रही यात्री बस की टक्कर स्पष्ट दिखाई दे रही है। टक्कर के बाद बस बेकाबू होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। हालांकि राहत की बात यह रही कि बस में सवार किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार देने के बाद उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, अमलाहा के पूर्व सरपंच दीपक जायसवाल ने बताया कि इस स्थान पर पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यहां न तो चेतावनी संकेतक लगाए गए हैं और न ही वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था की गई है, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे