सरहुल पर खूंटी में २१ को निकलेगी शोभायात्रा
खूंटी, 15 मार्च (हि.स.)। सरहुल पर्व को लेकर जिले में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इस संबंध में सरहुल पूजा महासमिति की बैठक सरना स्थल दुलवा में रविवार को महासमिति के अध्यक्ष सनिका तिड़ु की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सरहुल पर्व के आ
सरहुल


खूंटी, 15 मार्च (हि.स.)। सरहुल पर्व को लेकर जिले में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इस संबंध में सरहुल पूजा महासमिति की बैठक सरना स्थल दुलवा में रविवार को महासमिति के अध्यक्ष सनिका तिड़ु की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सरहुल पर्व के आयोजन की रूपरेखा तय की गई और विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

महासमिति के अध्यक्ष सनिका तिड़ु ने बताया कि 19 मार्च को पारंपरिक रूप से घर-आंगन और सरना स्थलों की साफ-सफाई और लिपाई-पोताई की जाएगी। इसी दिन नया सरना झंडा लगाया जाएगा और तालाब और नदियों से मछली-केकड़ा पकड़कर शाम को पूर्वजों को अर्पित किया जाएगा। इस संबंध में अध्यक्ष ने बताया कि 20 मार्च को श्रद्धालु उपवास रखेंगे और शाम के समय सरना स्थलों में नए घड़ों में सगुन जल रखकर पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद 21 मार्च को सुबह सरना स्थलों में विधि-विधान से पूजा-पाठ किया जाएगा। पूजा के बाद विभिन्न गांवों से पहानों की अगुवाई में मंडलियां दोपहर में कचहरी मैदान पहुंचेंगी। वहां से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो कचहरी मैदान से प्रस्थान कर नेताजी चौक तक जाएगी और पुनः कचहरी मैदान लौटकर कार्यक्रम का समापन होगा।

खूंटी की सरहुल शोभायात्रा में 201 पहान और पहनाइयों की अगुवाई में विभिन्न गांवों की 111 मंडलियां शामिल होंगी। इस दौरान ढोल-नगाड़े, सरना झंडा, सखुआ फूल और आकर्षक झांकियां शोभायात्रा की विशेषता होंगी।

बैठक में महासमिति के पदाधिकारियों में अध्यक्ष सनिका तिड़ु, उपाध्यक्ष विश्राम टुटी, सोमरा मुंडा, सुभासिनी पुर्ती, महासचिव बिरसा कंडीर, बसंती हुन्नीपूर्ति, सचिव रेशमा मिंजूर, सह सचिव मंगरा बारजो, कोषाध्यक्ष दीपा ढोढराय सहित विभिन्न गांवों के मुंडा, पहान और सामाजिक अगुवा उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा