Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भागलपुर, 15 मार्च (हि.स.)। जिले के नारायणपुर प्रखंड में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बलहा में एक छात्रा द्वारा स्कूल परिसर में झाड़ू लगाने का वीडियो वायरल हुआ है। यह मामला शनिवार का बताया जा रहा है,जिसका वीडियो कैमरे में कैद हो गया है। इस मामले की शिकायत विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद मंडल से की गई है। वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने एक छात्रा सफाईकर्मी के साथ परिसर में झाड़ू लगाती दिख रही हैं।
बताया जा रहा है कि घटना के समय विद्यालय का मुख्य गेट बंद था। बच्चों से इस तरह का कार्य करवाना शिक्षा के अधिकार अधिनियम का सीधा उल्लंघन माना जाता है, जिससे शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। जब प्रधानाध्यापक विनोद मंडल से इस संबंध में बात की गई, तो पहले उन्होंने अनभिज्ञता जताई।
उसके बाद मंडल ने कहा कि सफाई कर्मी का पोता पोती है। ऐसा मामला मेरे संज्ञान में पहली बार आया है। हो सकता है बच्चा दादी के साथ काम में हाथ बटाने लगी हो। वे हमारे यहां सफाईकर्मी हैं। अगर बच्चों से झाड़ू लगवाई जा रही है तो यह गलत है। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्टाफ से पूछताछ की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए सख्त चेतावनी दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर