अमेरिका में विवाद के बाद जींद में फायरिंग
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दर्ज किया मामला
पिल्लूखेड़ा थाना।


जींद, 15 मार्च (हि.स.)। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने गांव ढाठरथ में फायरिंग कर दहशत फैलाने तथा धमकी देने पर एक युवक के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, धमकी देने, दहशत फैलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव ढाठरथ निवासी शीशपाल ने पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कुछ लोगों की मौजूदगी में अपने प्लाट की निशानदेही करवा रहा था। उसी दौरान गांव का ही अमन बाइक पर सवार होकर आया और गाली गलौज करते हुए हवाई फायर किया। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा विरोध करने पर आरोपित धमकी देने हुए फरार हो गया।

शीशपाल ने पुलिस को बताया कि आरोपित अमन का बड़ा भाई साहिल अमेरिका गया हुआ है। उसका भी बड़ा भाई सुरेंद्र काफी समय से अमेरिका रह रहा है। किसी बात को लेकर दोनों की फोन पर अमेरिका में कहासुनी हो गई। जिसके बाद से अमन उसे लगतार परेशान करता आ रहा है। अमन के साथ सुबह कहासुनी भी हुई थी। दोपहर को आरोपित ने उसके प्लाट पर पहुंच कर फायर कर दिया।

पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने शीशपाल की शिकायत पर अमन के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, दहशत फैलाने, धमकी देने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। रविवार को जानकारी देते हुए पिल्लूखेड़ा थाना के जांच अधिकारी आशीष ने बताया कि व्यक्ति ने रंजिशन फायर करने की आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा