Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गोरखपुर, 15 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी संघर्ष, सेवा और सामाजिक समरसता के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर 22 मार्च को गोरखपुर में ऐतिहासिक कार्यक्रम किया जाएगा । इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों कार्यकर्ता और समाज के लोग शामिल होंगे।
रविवार को एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. संजय निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी ने अपने संघर्ष और जनसमर्थन के बल पर समाज के अधिकार, सम्मान और विकास की आवाज को मजबूती दी है। उन्होंने कहा कि समाज की एकता और कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण आज निषाद पार्टी ने देश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने बताया कि पार्टी का उद्देश्य निषाद समाज सहित जल, जंगल और जमीन से जुड़े सभी वंचित और पिछड़े वर्गों को उनका अधिकार और सम्मान दिलाना है। पार्टी स्थापना के समय से ही समाज के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। डॉ. निषाद ने कहा कि 22 मार्च को गोरखपुर में आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रदेश भर से पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाज के प्रबुद्ध लोग बड़ी संख्या में भाग लेंगे। कार्यक्रम में पार्टी के अब तक के संघर्ष, उपलब्धियों और भविष्य की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा मछुआरा समाज के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के माध्यम से मछुआरों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे मछली उत्पादन बढ़ेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी। डॉ. संजय निषाद ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों से आह्वान किया कि वे 22 मार्च को गोरखपुर में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इसे ऐतिहासिक बनाएं और समाज के अधिकार, सम्मान तथा विकास की लड़ाई को और मजबूत करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय