Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जगदलपुर, 15 मार्च (हि.स.)। जिले में रसोई गैस की नियमित और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और खाद्य विभाग ने तैयारी कर ली है। खाद्य विभाग द्वारा जारी एक आधिकारिक सूचना के अनुसार घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए कुछ महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश तय किए गए हैं, ताकि वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार का गतिरोध उत्पन्न न हो। जारी आदेश में कहा गया है, कि जिले में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, अतः उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की घबराहट (पैनिक) में आने या अफवाहों के आधार पर बार-बार बुकिंग करने की आवश्यकता नहीं है।
खाद्य विभाग ने नागरिकों से आग्रह किया है कि, अब ऑयल कंपनियों द्वारा रिफिल सिलेंडर की बुकिंग के लिए एक निश्चित समयावधि निर्धारित की गई है। इसके तहत नगरीय क्षेत्रों के उपभोक्ता अपनी पिछली बुकिंग के 25 दिनों के बाद ही अगली रिफिल बुक करा सकेंगे, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए यह अंतराल 45 दिनों का रखा गया है।
विभाग ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि, वे अपने निवास क्षेत्र के अनुसार इस निर्धारित अंतराल का पालन करें ताकि वितरण प्रणाली पर अनावश्यक दबाव न पड़े। वहीं व्यावसायिक एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए भी प्राथमिकताएं तय कर दी गई हैं। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने निर्णय लिया है कि व्यावसायिक गैस की आपूर्ति सबसे पहले अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों जैसी अत्यावश्यक सेवाओं को दी जाएगी। इसके साथ ही, होटल संचालकों, रेस्टोरेंट मालिकों और विवाह समारोहों के आयोजकों से विशेष अपील की गई है कि वे गैस की खपत कम करने के लिए अपने खान-पान के मेन्यू को संक्षिप्त रखें। प्रशासन ने उन्हें वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों जैसे इलेक्ट्रिक इंडक्शन, डीजल स्टोव या सीमित मात्रा में पारंपरिक ईंधनों का उपयोग करने का सुझाव दिया है।
आम नागरिकों की सुविधा के लिए खाद्य विभाग ने एक मजबूत शिकायत निवारण तंत्र भी स्थापित किया है। यदि किसी उपभोक्ता को एलपीजी, पेट्रोल या डीजल की प्राप्ति में कोई समस्या आती है, तो वे सीधे टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 या 1967 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 0771-2511975 और जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के नंबर 7489807170 पर भी अपनी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। खाद्य नियंत्रक ने नागरिकों से धैर्य बनाए रखने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करने का आग्रह किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे