Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


28 केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में पारदर्शी व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई परीक्षा
झांसी, 15 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस परीक्षा भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ द्वारा उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के दूसरे दिन भी 15 मार्च (रविवार) को 28 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में सकुशल संपादित हुई। दोनों पालियों में आधे से अधिक परीक्षार्थियों ने सहभागिता की।
परीक्षा नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि परीक्षा में कुल 9120 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिसमें से प्रथम पाली में 5375 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, 3745 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। जबकि द्वितीय पाली में 9120 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए पंजीकृत किया गया था। परंतु 5326 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, 3794 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। अपर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने पुलिस बल के साथ जनपद में 28 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा की सुचिता को परखा।
अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने जिले में लिखित परीक्षा पूर्ण शांति, निर्विघ्न संपन्न होने पर जनपद के समस्त पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को बधाई दी। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे योगेश कुमार,पुलिस अधीक्षक देहात डॉ0 अरविंद कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए भ्रमणशील रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया