Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 15 मार्च (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची सहित आसपास के क्षेत्रों में रविवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी होने से तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई जिलों में 19 मार्च तक गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना है। इस स्थिति को देखते हुए विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने बताया कि 16 मार्च को राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों तथा उनसे सटे मध्यवर्ती और पूर्वी इलाकों में गर्जन के साथ हल्की बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। इसको लेकर विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना भी जताई गई है। इसके अलावा राज्य के पश्चिमी जिलों में भी गर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 17 और 18 मार्च को राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर बाकी हिस्सों में भी तेज हवा, गर्जन और हल्की बारिश हो सकती है। इसी को देखते हुए विभाग ने 17 से 19 मार्च तक कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 15.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री और न्यूनतम 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री और न्यूनतम 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा। डाल्टनगंज में अधिकतम 39.4 और न्यूनतम 18.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 37.5 डिग्री और न्यूनतम 18.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 38.8 डिग्री और न्यूनतम 21.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, तेज आंधी और वज्रपात के समय खुले स्थानों में न रहने की सलाह दी है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak