चतरा में रामनवमी महासमिति का गठन, कन्हैया पांडेय अध्यक्ष और पप्पू यादव महासचिव बने
चतरा, 15 मार्च (हि.स.)। चतरा शहर के गौरक्षणी परिसर में रविवार को रामनवमी महासमिति के गठन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से कन्हैया पांडेय को रामनवमी महासमिति का अध्यक्ष और पप्पू यादव को महासचिव चुना गया। दोनों के चयन प
बैठक में शामिल


चतरा, 15 मार्च (हि.स.)। चतरा शहर के गौरक्षणी परिसर में रविवार को रामनवमी महासमिति के गठन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से कन्हैया पांडेय को रामनवमी महासमिति का अध्यक्ष और पप्पू यादव को महासचिव चुना गया। दोनों के चयन पर उपस्थित लोगों ने उन्हें बधाई दी और आगामी रामनवमी पर्व को भव्य और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का संकल्प लिया।

बैठक में समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने रामनवमी पर्व की तैयारियों को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। नवनियुक्त अध्यक्ष कन्हैया पांडेय और महासचिव पप्पू यादव ने संयुक्त रूप से कहा कि इस वर्ष शहर में रामनवमी का पर्व नशामुक्त वातावरण में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना ही नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक संदेश देना भी है।

उन्होंने शहर की सभी अखाड़ा समितियों और युवाओं से अपील की कि वे नशामुक्त रामनवमी मनाने में सहयोग करें और समाज में जागरूकता फैलाएं। उन्होंने बताया कि रामनवमी के अवसर पर पूरे शहर को भगवा ध्वजों से सजाया जाएगा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और उत्सवमय बनेगा।

इसके अलावा रामनवमी के दिन निकलने वाली भव्य शोभायात्रा और विभिन्न अखाड़ों की पारंपरिक प्रस्तुतियों को लेकर भी विशेष तैयारी की जाएगी, ताकि इस धार्मिक पर्व को और अधिक आकर्षक और भव्य रूप दिया जा सके।

बैठक में देवनंदन सोनी, शशिकांत सहाय, गौरी यादव, अजय कसेरा, पिंटू सिंह, जितेंद्र जैन, हिमांशु कुमार (हनी), अमन यादव सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी