Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 15 मार्च (हि.स.)। रांची में 'खेलो इंडिया अनुसूचित जनजाति (एसटी) गेम्स 2026 ' के लिए झारखंड की बालक-बालिका मलखंब टीम का चयन रविवार को सेक्टर-2 धुर्वा स्थित बंगीय सांस्कृतिक परिषद विद्यालय के प्रांगण में संपन्न हुआ। यह चयन प्रक्रिया झारखंड राज्य मलखंब एसोसिएशन और खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई।
एसोसिएशन के महासचिव अजय झा ने रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि आयोजित खुली चयन प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से लगभग 40 बालक-बालिकाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर झारखंड की मलखंब टीम का चयन किया गया।
उन्होंने बताया कि चयनित खिलाड़ियों के लिए 15 मार्च से 29 मार्च 2026 तक 15 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण शिविर धुर्वा स्थित बंगीय सांस्कृतिक परिषद विद्यालय परिसर में प्रतिदिन अपराह्न तीन बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। शिविर में मुख्य प्रशिक्षक अजय झा के साथ सहायक प्रशिक्षक विवेक कुमार, संजय कुमार, निखिल कुमार और सरिता कुमारी खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण और अभ्यास कराएंगे।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार चयनित झारखंड मलखंब टीम 2 से 4 अप्रैल तक अंबिकापुर में आयोजित प्रथम संस्करण खेलो इंडिया अनुसूचित जनजाति (एसटी) गेम्स 2026 के तहत होने वाली मलखंब प्रतियोगिता में भाग लेगी। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए झारखंड की टीम 30 मार्च को छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के लिए रवाना होगी।
खेल अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि बेहतर प्रशिक्षण और तैयारी के बल पर झारखंड की टीम इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन करेगी।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar