राम नवमी के रंग में रंगने लगा है खूंटी जिला
खूंटी, 15 मार्च (हि.स.)। जैसे जैसे राम नवमी का पर्व नजदीक आता जा रहा है, वैसे वैसे खूंटी जिला इसके रंग में रंगता जा रहा है। जिले में राम नवमी पर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक श्रद्धालुओं और विभिन्न पूजा स
राम नवमी के रंग में रंगने लगा है खूंटी जिला


खूंटी, 15 मार्च (हि.स.)। जैसे जैसे राम नवमी का पर्व नजदीक आता जा रहा है, वैसे वैसे खूंटी जिला इसके रंग में रंगता जा रहा है। जिले में राम नवमी पर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक श्रद्धालुओं और विभिन्न पूजा समितियों की ओर से उत्सव को भव्य और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की तैयारी की जा रही है। जगह-जगह अखाड़ा समितियों की ओर से बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जिसमें जुलूस, शोभायात्रा तथा अन्य धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जा रही है।

खूंटी नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में राम नवमी के अवसर पर निकलने वाली पारंपरिक शोभायात्रा को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कई स्थानों पर अखाड़ों के युवाओं की ओर से लाठी, तलवार और अन्य पारंपरिक करतबों का अभ्यास भी शुरू कर दिया गया है। मंदिरों और चौक-चौराहों को सजाने-संवारने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।

प्रशासन भी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पूरी तरह सतर्क है। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से विभिन्न पूजा समितियों और अखाड़ा समितियों के साथ समन्वय बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की भी तैयारी की जा रही है।

श्रीराम नवमी महासमिति के अध्यक्ष अनूप कुमार साहू और महासचिव जितेंद्र कश्यप ने बताया का कि राम नवमी खूंटी जिले का प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व है, जिसे हर वर्ष बड़े उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष भी श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना और शोभायात्रा में भाग लेने की तैयारी कर रहे हैं। जिले में पर्व को लेकर धार्मिक माहौल बना हुआ है और बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है। बताया गया कि 17 और 24 मार्च को मंगलवारी जुलूस निकाला जाएगा और 27 मार्च को पूजा अर्चना के बाद शोभायात्रा निकाली जाएगी। 28 मार्च को अस्त्र शस्त्र चालन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा