Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 15 मार्च (हि.स.)। तोरपा रोड स्थित खूंटी टोली में जेआईआईटी एकेडमी कंप्यूटर सेंटर में रविवार को प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एक वर्ष के एडवांस कोर्स, छह माह के डिप्लोमा कंप्यूटर कोर्स सहित विभिन्न पाठ्यक्रम पूरा करने वाले विद्यार्थियों के बीच प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत केंद्र के निदेशक बिरेंद्र नाग द्वारा विद्यार्थियों के स्वागत के साथ हुई। समारोह के दौरान कुल 70 विद्यार्थियों को कंप्यूटर कोर्स पूरा करने पर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र के साथ विशेष उत्कृष्टता पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में उदय आनंद और जेम्स चोंडे़ को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान, साहिल जायसवाल को द्वितीय स्थान तथा अर्जुन टूटी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान निदेशिका बुलबुल आईच ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें कंप्यूटर शिक्षा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आज के समय में कंप्यूटर ज्ञान प्रत्येक क्षेत्र में आवश्यक हो गया है और इससे युवाओं के लिए रोजगार के कई अवसर खुलते हैं।
इस मौके पर केंद्र निदेशक बिरेंद्र नाग ने बताया कि आने वाले समय में एडीसीए, डीटीपी, टैली, डिजिटल मार्केटिंग, टाइपिंग सहित अन्य कंप्यूटर कोर्स भी संचालित किए जाएंगे, जिनमें विद्यार्थियों को कम शुल्क में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
समारोह में सहायक शिक्षिका मोनी रानी, गणेश, रोजलिन प्रिसिका, पुष्पा कुमारी, अभिनव, पूर्वी रानी सहित कई लोग उपस्थित थे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा