Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिमी सिंहभूम, 15 मार्च (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित चाईबासा मंडल कारा के मुख्य गेट के पास हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित झारखंड के कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा के गिरोह से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) तरुण कुमार ने रविवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 6 अक्टूबर 2024 को अज्ञात अपराधियों ने चाईबासा मंडल कारा के मुख्य गेट के समीप फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर थाना कांड संख्या 79/2024, दिनांक 16 अक्टूबर 2024 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 तथा 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर अपराधियों की पहचान की। इसके बाद इस कांड में शामिल समीर अंसारी उर्फ नसरू को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपित पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के महुडंडवा गांव का निवासी है। उसके पिता का नाम स्वर्गीय जसीम अंसारी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में समीर अंसारी ने घटना में शामिल अन्य अपराधियों के नामों का भी खुलासा किया है। जांच में यह भी सामने आया है कि सभी आरोपित झारखंड के कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा के गिरोह से जुड़े हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त काले रंग की एक पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस मोटरसाइकिल के संबंध में भी आगे की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि समीर अंसारी का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। उसके खिलाफ शहर थाना डाल्टनगंज में कांड संख्या 33/2025, दिनांक 13 जनवरी 2025 को धारा 111(2)(ii) तथा 25(1-बी)(ए)/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित समीर अंसारी उर्फ नसरू को रविवार 15 मार्च 2026 को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, इस मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।
इस मामले में की गई छापेमारी में सदर थाना प्रभारी सह डीएसपी तरुण कुमार के साथ पुलिस अवर निरीक्षक उपेंद्र नारायण सिंह, अवर निरीक्षक श्रीकांत कुमार तथा सदर थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक