Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 15 मार्च (हि.स.)। रांची सदर अस्पताल के डॉक्टरों और चिकित्साकर्मियों की टीम ने अपनी विशेषज्ञता का परिचय देते हुए ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित 44 वर्षीय महिला की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक कर उसे नई जिंदगी दी है। बोकारो निवासी इस महिला के मस्तिष्क में अत्यंत संवेदनशील स्थान पर ट्यूमर था, जिसे सफल ऑपरेशन के जरिए हटाया गया। सर्जरी के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ बताई जा रही है।
इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. प्रभात रंजन ने रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि मरीज के मस्तिष्क के बायीं कनपटी वाले हिस्से में ट्यूमर था। मेडिकल दृष्टि से यह स्थान बेहद संवेदनशील और जटिल माना जाता है। ऐसे हिस्से में सर्जरी करना डॉक्टरों के लिए बड़ी चुनौती होता है, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सावधानी और कुशलता के साथ ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि यह ऑपरेशन अस्पताल के न्यूरो सर्जन डॉ. अशोक मुंडा के नेतृत्व में किया गया। ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने विशेष सतर्कता बरती, जिसके कारण ट्यूमर को सुरक्षित तरीके से निकाल लिया गया और मरीज को किसी प्रकार की जटिलता नहीं हुई। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति में लगातार सुधार हुआ और अब वह पूरी तरह स्वस्थ है।
इस उपलब्धि पर सिविल सर्जन डॉ. प्रभात रंजन, उपाधीक्षक डॉ. प्रभात कुमार, बिमलेश सिंह और डॉ. एके झा ने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीमवर्क, अनुभव और समर्पण का परिणाम है। सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों ने समन्वय के साथ काम करते हुए इस चुनौतीपूर्ण सर्जरी को सफल बनाया।
इस महत्वपूर्ण सर्जरी में एनेस्थेटिस्ट डॉ. नीरज, डॉ. वसुधा और डॉ. कौशल की भी अहम भूमिका रही। वहीं ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट सिस्टर नेली, मुकेश और अमित ने भी सर्जरी को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
अस्पताल प्रशासन ने कहा कि इस तरह की सफल सर्जरी यह साबित करती है कि सरकारी अस्पतालों में भी विशेषज्ञ डॉक्टरों और बेहतर चिकित सुविधाओं के बल पर गंभीर और जटिल बीमारियों का सफल इलाज संभव है। मरीज और उसके परिजनों ने डॉक्टरों और पूरे अस्पताल प्रशासन के प्रति आभार जताया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar