Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फर्जी कागजात तैयार करके कंपनी के साथ करोड़ों की धोखाधड़ी करी
गुरुग्राम, 15 मार्च (हि.स.)। जमीन के फर्जी कागजात तैयार करके एक कंपनी को करोड़ों की चपत लगाने के दो आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार किए हैं। इनमें एक आरोपी कानूनगो है, जिसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले के अनुसार यशदीप बिल्डर्स एलएलपी के प्रतिनिधि की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। बताया था कि उनकी कंपनी ने वर्ष 2018 में गुरुग्राम जिला के सोहना क्षेत्र में जमीन मालिकों के साथ जमीन को लेकर एक समझौता किया था। भूमि विकास के नाम पर इस समझौते के बाद करोड़ों रुपये इस परियोजना में निवेश किए गए थे। बाद में कुछ अन्य लोग सामने आए और रियल एस्टेट कंपनियों से मिलकर जमीन के फर्जी कागजात तैयार करवा लिए। एक फर्जी इकरारनामा भी बनाया गया, जिस पर पहले के समझौते की शर्तों को ही बदल दिया गया। जमीन के रास्ते को लेकर बेवजह विवाद किया गया। कई व्यक्तियों व कंपनियों के माध्यम से गलत कागजात तैयार कराए। पुलिस की ओर से जांच के दौरान इस फर्जीवाड़े में दो लोगों पर शक हुआ। उनके बारे में गहनता से जांच की। आखिरकार दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान राठीवास गांव निवासी सतबीर राठी व गांव झुंडसराय निवासी विशन कुमार के रूप में हुई। आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि आरोपी सतबीर वर्ष 1997 में पटवारी लगा था। वर्ष 2020 से लेकर 2023 तक सोहना तहसील में कानूनगो के पद पर कार्यरत था। इसी दौरान उसने कुछ लोगों के कहने पर राजेंद्र (पटवारी) और विशन कुमार (डेटा एंट्री ऑपरेटर) के साथ मिल इस जमीन के फर्जी दस्तावेज, इंतकाल तैयार किए। इसके लिए सतबीर और विशन कुमार को इस फर्जीवाड़े के लिए करीब 40 हजार रुपये मिले थे। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर