Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुरादाबाद, 15 मार्च (हि.स.)। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के एमएससी पर्यावरण विज्ञान प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने रविवार को गुलाबबाड़ी पीतलनगरी स्थित 58 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सीवेज शोधन की विभिन्न प्रक्रियाओं, अपशिष्ट जल प्रबंधन तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
रजिस्ट्रार गिरीश द्विवेदी ने बताया कि यह सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट मुरादाबाद शहर की लगभग चौदह नालों से जुड़कर कार्य करता है, जहां से आने वाले अपशिष्ट जल का शोधन किया जाता है।
भ्रमण के दौरान प्रो. अनामिका त्रिपाठी, डॉ. अदीबा खान, डॉ. सतेंद्र त्रिपाठी तथा डॉ. सचिन शर्मा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने प्लांट की कार्यप्रणाली, जल गुणवत्ता मानकों तथा इसके पर्यावरणीय महत्व को समझा।
प्लांट के विशेषज्ञों ने भी छात्रों को शोधन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों से अवगत कराया। उन्होंने यह भी बताया कि किस प्रकार गंदा पानी अलग-अलग ट्रीटमेंट यूनिट्स से होकर गुजरता है और विभिन्न भौतिक तथा जैविक प्रक्रियाओं के माध्यम से उसमें मौजूद अशुद्धियों को दूर किया जाता है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी ने इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमणों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक दौरे विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं। वहीं रजिस्ट्रार गिरीश द्विवेदी ने भी इस प्रकार के आयोजनों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कहते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस कार्यक्रम में प्रो. अनामिका त्रिपाठी एवं डॉ. वैशाली पूनिया ने आयोजक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं नगर निगम की सुपरवाइज़र विधि कुमारी तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की टीम ने छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें ट्रीटमेंट की विभिन्न प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
छात्रों ने इस शैक्षणिक भ्रमण को अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया। उनका कहना था कि इस भ्रमण से उन्हें सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपशिष्ट जल प्रबंधन के महत्व को जानने का अवसर मिला।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल