बस्तर में भी घरेलू गैस सिलेंडर की मांग दोगुना हाेने से आपूर्ति प्रभावित, छापेमारी जारी
जगदलपुर, 15 मार्च (हि.स.)। बस्तर संभाग के सभी जिलों में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी होने की अफवाह भारी पड़ रही है। इस वजह से घरेलू गैस सिलेंडरों की मांग में दोगुना उछाल आ गया है। लोग खाली सिलेंडर जुगाड़कर एजेंसियों में गैस लेने के लिए पहुंच रहे हैं।
29 घरेलू और 7 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त


जगदलपुर, 15 मार्च (हि.स.)। बस्तर संभाग के सभी जिलों में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी होने की अफवाह भारी पड़ रही है। इस वजह से घरेलू गैस सिलेंडरों की मांग में दोगुना उछाल आ गया है। लोग खाली सिलेंडर जुगाड़कर एजेंसियों में गैस लेने के लिए पहुंच रहे हैं। इससे सामान्य दिनों की तुलना में डबल मांग होने से घरेलू सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने की बात सामने आ रही है। घरेलू सिलेंडरों के मामले में अफवाह इतनी भारी पड़ रही है कि इंडक्शन (इलेक्ट्रॉनिक चूल्हे), डीजल और केरोसिन से जलने वाले चूल्हों की मांग भी बढ़ती जा रही है। वहीं, कॉमर्शियल सिलेंडरों की वास्तविकता में किल्लत है, इसके चलते चाय-नाश्ते के छोटे ठेले और गुमटियां इससे प्रभावित हाे रही है।

वहीं दूसरी ओर जगदलपुर शहर और आस-पास के क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए खाद्य विभाग कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर खाद्य नियंत्रक घनश्याम राठौर के मार्गदर्शन में विभागीय टीम ने शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर 29 घरेलू और 7 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। खाद्य विभाग की टीम ने रविवार काे बस स्टैंड, शहीद पार्क, धरमपुरा और नगरनार क्षेत्र में होटलों व रेस्टोरेंटों की जांच की। अचानक हुई इस कार्रवाई से कई प्रतिष्ठानों में हडकंप की स्थिति रही। इस कार्रवाई में सहायक खाद्य अधिकारी दिव्या रानी के नेतृत्व में खाद्य निरीक्षक शेख अब्दुल कादिर, उमेश चौधरी, हेमंत ब्रह्मभट्ट, तोरण नेताम और पायल वर्मा की टीम शामिल रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग नियमों के खिलाफ है, और इस तरह की औचक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

बस्तर जिले के फूड कंट्रोलर घनश्याम सिंह राठौर ने कहा कि घरेलू गैस को लेकर जिले में भयावह स्थिति जैसी कोई बात नहीं है। एजेंसी संचालकों को इस वैश्विक संकटकाल के बीच नियम के अनुसार सिलेंडर देने कहा गया है। गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे