Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


जयपुर, 15 मार्च (हि.स.)। बढ़ती महंगाई और रसोई गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी के विरोध में रविवार को जयपुर के कलेक्ट्रेट सर्किल पर पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंककर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
खाचरियावास ने कहा कि केवल कलेक्ट्रेट सर्किल ही नहीं, बल्कि सिविल लाइंस, आदर्श नगर, किशनपोल सहित अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी कांग्रेस कार्यकर्ता गैस सिलेंडर के बढ़े दामों के विरोध में पुतला दहन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिन मुद्दों को पहले से उठा रही थी, आज वही बातें सही साबित हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि जब बाजार में गैस सिलेंडर की कमी है और आम लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, ऐसे समय में कीमतें बढ़ाना आम जनता के साथ अन्याय है। सरकार जनता को रोटी और रसोई गैस जैसी बुनियादी जरूरतें भी उपलब्ध नहीं करा पा रही और ऊपर से महंगाई का बोझ बढ़ाया जा रहा है।
खाचरियावास ने कहा कि कोरोना काल में कांग्रेस सरकार ने गरीबों, ऑटो चालकों, रिक्शा चालकों और दिहाड़ी मजदूरों को राहत देने के लिए विशेष पैकेज जारी किए थे। कई परिवारों को 20 हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता दी गई थी। वर्तमान में भी ऑटो चालकों, दिहाड़ी मजदूरों और छोटे व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट है, इसलिए केंद्र सरकार को तत्काल राहत पैकेज जारी करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल जयपुर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे देश में कांग्रेस कार्यकर्ता महंगाई और गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे। कांग्रेस कभी डरने वाली पार्टी नहीं है और यदि कार्यकर्ताओं पर किसी प्रकार का दबाव या अन्याय किया गया तो कांग्रेस मजबूती से उसका सामना करेगी।
खाचरियावास ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के इस संकटपूर्ण समय में कांग्रेस पार्टी देशहित में भारत सरकार के साथ खड़ी है, लेकिन देश के स्वाभिमान और आम जनता के हितों से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। कांग्रेस का यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश