Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नूंह, 15 मार्च (हि.स.)। नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका सदर थाना क्षेत्र के गांव बदोपुर में 9 मार्च को एक महिला और उसकी तीन छोटी बेटियों के कुएं में डूबने से मौत के मामले में पुलिस ने गहन जांच के बाद महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने रविवार काे इस संबंध में मृतका के पति शाहिद को गिरफ्तार किया है।
मृतक महिला की पहचान साहिला पत्नी शाहिद के रूप में हुई थी। उनकी तीन बेटियां भी इस दर्दनाक घटना में नहीं बचीं थी। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की। जिला पुलिस प्रवक्ता के अनुसार शुक्रवार को पुलिस ने पहली गिरफ्तारी करते हुए महिला के पति शाहिद पुत्र ईसब निवासी बदोपुर को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि घटना से ठीक एक दिन पहले शाहिद ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की थी। शाहिद नशे का आदी था और बेरोजगारी व पारिवारिक कलह से परेशान चल रहा था। इन घरेलू विवादों और तनाव के कारण महिला ने दुखी होकर तीनों बच्चों के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली।
हालांकि परिजनों का आरोप है कि यह हत्या थी और महिला को कुएं में धकेला गया। पुलिस इस पहलू की भी अलग से गहन जांच कर रही है।। आरोपी पति को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि उसे कड़ी पूछताछ की जाएगी ताकि मामलें की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया