Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भागलपुर, 15 मार्च (हि.स.)। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक भगवा क्रांति शोभा यात्रा इस वर्ष भी 26 मार्च को शहर में धूमधाम से निकाली जाएगी। हर वर्ष की तरह इस बार भी यह यात्रा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजित की जा रही है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और आयोजकों के बीच काफी उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजकों ने रविवार को बताया कि शोभा यात्रा की शुरुआत घंटाघर से सुबह 11 बजे की जाएगी। यात्रा में भगवान श्रीराम की भव्य झांकी और विशाल प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके साथ ही यात्रा में राम भक्ति से जुड़े भजन और गीत कि भव्य व्यवस्था रहेगी, जिससे पूरे शहर में भक्तिमय माहौल बनेगा। शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवा ध्वज के साथ शामिल होंगे और भगवान श्रीराम के जयकारों से वातावरण गूंज उठेगा।
विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के लोग भी इस यात्रा में भाग लेंगे। यात्रा के दौरान कई जगहों पर श्रद्धालुओं के स्वागत की भी व्यवस्था की जा रही है। आयोजन समिति के सदस्यों ने शहर के सभी लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस धार्मिक यात्रा में शामिल होकर भगवा क्रांति शोभा यात्रा को सफल बनाएं।
उनका कहना है कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का भी प्रतीक है। आयोजकों के अनुसार, यात्रा के दौरान अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की टीम भी तैनात रहेगी। साथ ही प्रशासन से भी आवश्यक सहयोग लिया जाएगा ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। हर वर्ष की तरह इस बार भी उम्मीद जताई जा रही है कि शहर के हजारों लोग इस भव्य शोभा यात्रा में शामिल होकर भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था और श्रद्धा प्रकट करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर