Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


अलवर, 15 मार्च (हि.स.)। अलवर में राजस्थान दिवस समारोह 2026 के तहत रविवार को ‘रन फॉर विकसित राजस्थान’ का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने इसमें भाग लेकर विकसित और स्वच्छ राजस्थान का संदेश दिया।
दौड़ की शुरुआत कम्पनी बाग स्थित शहीद स्मारक से हुई, जहां से उपखण्ड अधिकारी माधव भारद्वाज, यूआईटी के उप सचिव जितेन्द्र सिंह नरुका, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरुका और नेहरू युवा केंद्र संगठन के डीवाईओ पंकज यादव ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया। यह दौड़ कम्पनी बाग से शुरू होकर नंगली सर्किल, एसएमडी सर्किल और मोती डूंगरी होते हुए प्रताप ऑडिटोरियम पर संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम अलवर ने ‘आरआरआर (Reduce, Reuse, Recycle)’ थीम पर तीन विशेष वाहिनियों को भी रवाना किया। इन वाहिनियों के माध्यम से शहरवासियों से अनुपयोगी सामग्री एकत्र कर उसे उपयोगी बनाकर जरूरतमंदों को उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर गीला और सूखा कचरा पृथक्करण का डेमो, स्वच्छता स्टॉल, रंगोली और सेल्फी बूथ भी आकर्षण का केंद्र रहे। उपखण्ड अधिकारी माधव भारद्वाज ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को स्वस्थ जीवनशैली और स्वच्छता के प्रति जागरूक कर विकसित राजस्थान के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार