राजगढ़ः अवैध रुप से वाहनों में गैस भरने वाला आरोपित गिरफ्तार, सात सिलेंडर व मशीन जब्त
गैस भरने वाला आरोपित गिरफ्तार, सात सिलेंडर व मशीन जब्त
गैस भरने वाला आरोपित गिरफ्तार, सात सिलेंडर व मशीन जब्त


राजगढ़,13 मार्च (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर हीराबाबा रोड़ स्थित घर में दबिश देकर अवैध रुप से वाहनों में गैस भरने वाले आरोपित को हिरासत में लिया और उसके कब्जे से सात गैस सिलेंडर व गैस भरने में उपयोग की जाने वाली मशीन जब्त की।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया। थानाप्रभारी उमाशंकर मुकाती ने शुक्रवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर बीती रात हीराबाबा रोड़ स्थित घर में दबिश देकर आरोपित श्याम (40)पुत्र धनराज मालाकार को हिरासत में लिया, जो अवैध रुप से गैस सिलेंडरों का भंडारण कर वाहनों में गैस भर रहा था।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से भारत गैस कंपनी के छह खाली व एक भरा गैस सिलंेडर और एक गैस रिफलिंग मशीन जब्त की, जिसकी कुल कीमत 38 हजार रुपए है। पूछताछ पर आरोपित सिलेंडरों के भंडारण संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नही कर सका साथ ही वह बिना अग्निशामक एवं सुरक्षा व्यवस्था के आवासीय क्षेत्र में गैस सिलेंडरों का भंडारण कर आमजन के जीवन को खतरे में डाल रहा था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 287 बीएनएस, 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत प्रकरण पंजीबद्व किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक