Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जोधपुर, 13 मार्च (हि.स.)। राजस्थान संगीत नाटक अकादमी की ओर से 17 से 19 मार्च तक जयनारायण व्यास टाउन हॉल परिसर में लोकानुरंजन मेले का समारोहपूर्वक आयोजन किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में देश के 10 राज्यों से लगभग 750 लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
अकादमी की प्रशासक एवं संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह ने बताया कि इस वर्ष आयोजित होने वाला लोकानुरंजन मेला कई नवाचारों के साथ आयोजित किया जा रहा है। मेला दो चरणों में संपन्न होगा तथा दोनों ही चरण खुले प्रांगण में मुक्ताकाश तले आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में प्रतिदिन शाम 5 बजे से 10 लघु मंचों पर विभिन्न राज्यों के लोक कलाकार अपनी लोक कलाओं का प्रदर्शन करेंगे। द्वितीय चरण में शाम 7 बजे से एक विशाल मुख्य मंच पर विभिन्न राज्यों के कलाकार क्रमवार आकर्षक प्रस्तुतियां देंगे। दूसरे चरण के दौरान दर्शकों के बैठने की समुचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि वे सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद सुगमता से ले सकें।
अकादमी की सचिव गोमती शर्मा ने बताया कि इस लोकानुरंजन मेले में राजस्थान सहित हरियाणा, पंजाब, छत्तीसगढ़, गोवा, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश, मध्य प्रदेश एवं जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों की लोककलाओं का महाकुंभ जोधपुर की धरती पर सजेगा। यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान का माध्यम बनेगा, बल्कि देश की विविध लोक परंपराओं को एक मंच पर प्रस्तुत कर सांस्कृतिक एकता का सशक्त संदेश भी देगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश